घटना स्थल से ही हथियार, विस्फोटक
सामग्री और अन्य दैनिक उपयोग की वस्तुएं बरामद की गई हैं.
बीजापुर. जिले में पुलिस को आज बड़ी
सफलता मिली है. गंगालूर थाना क्षेत्र के पुसनार के जंगलों में पुलिस और नक्सलियों
के बीच मुठभेड़ हुई है. इस मुठभेड़ में एक लाख रुपये का इनामी नक्सली मारा गया.
घटना स्थल से ही हथियार, विस्फोटक सामग्री और अन्य दैनिक उपयोग
की वस्तुएं बरामद की गई हैं.
बताया जा रहा है कि गंगालूर थाना
क्षेत्र के पुसनार के जंगलों में नक्सली संगठन गंगालूर एरिया कमेटी के सचिव दिनेश
मोडियाम और 20 से 25 हथियारबंद माओवादियों की मौजूदगी की
सूचना मिली थी. जिसके बाद डीआरजी दंतेवाड़ा, डीआरजी बीजापुर
और सीआरपीएफ की संयुक्त टीम माओवादी विरोधी अभियान पर निकली थी और उन्हीं जंगलों
में पुलिस और नक्सलियों के बीच मुठभेड़ हो गई. जिसमें एक लाख का इनामी नक्सली
जनमिलिशिया कमांडर टोया पोटाम मारा गया.
सर्चिंग के दौरान मौके से नक्सली
सामग्री बरामद की गई है. पुलिस ने दावा किया है कि मुठभेड़ में दो से तीन नक्सली
घायल हुए हैं. वे जंगलों में छिपकर भागने में सफल रहे। इलाके में सघन गश्त और
सर्चिंग अभियान जारी है, पुलिस पार्टी के बीजापुर लौटने के बाद
भी अधिक जानकारी मिल सकेगी.